खिजरसराय में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, 170 करोड़ की टेक्नोलॉजी सेंटर परियोजना का शिलान्यास

0
IMG-20260615-WA0002.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जून 2026,

गयाजी: जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत देवगांव में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर गयाजी-इस्लामपुर-खिजरसराय पथ से टेक्नोलॉजी सेंटर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

खिजरसराय को मिला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का तोहफा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खिजरसराय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी सेंटर, सड़क और स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को खेल, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

एमएसएमई क्षेत्र में बिहार की बड़ी छलांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में बिहार में एमएसएमई इकाइयों की संख्या लगभग 6 लाख थी, जो बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गई है। इससे राज्य में 1 करोड़ 87 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एमएसएमई क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस क्षेत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

बिहार में बिजली, रोजगार और पेंशन योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार आज देश का सबसे सस्ती और निर्बाध बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दे रही है तथा 125 यूनिट तक बिजली निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीति ‘क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म’ के प्रति शून्य सहिष्णुता की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

फल्गू नदी को वर्षभर जलयुक्त बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि फल्गू नदी को वर्षभर जलयुक्त बनाने के लिए इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाणसागर समझौते से प्राप्त जल को फल्गू नदी तक लाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने इसे गया की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रोनित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page