गयाजी व्यवहार न्यायालय परिसर में शीतल पेयजल के लिए वाटर कूलर का उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जून 2026,
गयाजी: मंगलवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वाटर कूलर मशीन स्थापित की गई। यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी के प्रयास एवं Bank of India के सौजन्य से की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया उद्घाटन
वाटर कूलर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी प्रदीप कुमार मलिक, परिवार न्यायालय के न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, एडीजे-1 शशिकांत ओझा तथा बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर अभय कुमार झा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
भीषण गर्मी में मिलेगी राहत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार मलिक ने कहा कि न्यायालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादकारी, अधिवक्ता और आम नागरिक विभिन्न कार्यों से आते हैं। वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए उनके लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ न्यायालय आने वाले लोगों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना भी न्यायिक व्यवस्था की प्राथमिकता है।
बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग की सराहना
श्री मलिक ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से स्थापित यह वाटर कूलर न्यायालय आने वाले लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करेगा और उन्हें स्वच्छ पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए बैंक ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से न्यायिक संस्थानों और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
कई न्यायिक एवं बैंक अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास, एसीजेएम-2 रंजीत कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर अभय कुमार झा सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
