जहानाबाद में कांड अनुसंधान में लापरवाही पर पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार निलंबित

0
Screenshot_2026_0528_175720.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 27 मई 2026,

जहानाबाद: जिले के साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार को गंभीर आपराधिक मामलों के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मगध रेंज के आईजी विकास वैभव द्वारा जहानाबाद जिले के लंबित एवं गंभीर कांडों की समीक्षा के दौरान की गई।

रिमांड और वारंट प्रक्रिया में बरती गई शिथिलता

समीक्षा के दौरान मखदुमपुर (टेहटा) थाना कांड संख्या-321/25 और कांड संख्या-437/24 के अनुसंधान में गंभीर लापरवाही पाई गई। जांच में सामने आया कि तत्कालीन अनुसंधानकर्ता पंकज कुमार ने गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ नहीं की और फरार आरोपियों के खिलाफ समय पर न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी नहीं की।

स्टेशन डायरी में नहीं की गई प्रविष्टि

जांच में यह भी पाया गया कि रिमांड संबंधी प्रयासों और अनुसंधान की प्रगति का कोई अभिलेखीय साक्ष्य या स्टेशन डायरी में प्रविष्टि दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद की रिपोर्ट में अनुसंधान में शिथिलता, उदासीनता और अनुशासनहीनता का उल्लेख करते हुए विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।

अपराध नियंत्रण पर पड़ सकता था असर

समीक्षा में यह भी सामने आया कि अनुसंधान में लापरवाही के कारण गंभीर लूट और डकैती जैसे मामलों में आरोपियों को न्यायालय से लाभ मिला, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता प्रभावित हुई। अधिकारियों ने माना कि ऐसी लापरवाही से संपत्ति मूलक अपराधों में वृद्धि की संभावना बढ़ सकती है।

तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश

मगध रेंज के आईजी ने कहा कि अनुसंधान की गुणवत्ता, जवाबदेही और अपराध नियंत्रण पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके तहत वर्तमान में साइबर थाना, जहानाबाद में पदस्थापित पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page