मंत्री संतोष सुमन पर आपत्तिजनक वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार

0
IMG-20260528-WA0012.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 मई 2026,

गयाजी: जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश कुमार के रूप में हुई है, जो मानपुर प्रखंड के लखनपुर पंचायत स्थित मसौथा खुर्द गांव का निवासी बताया गया है।

मंत्री के खिलाफ की थी अभद्र टिप्पणी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑटो चलाने का काम करता था और पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर रील एवं वीडियो बनाने में सक्रिय था। करीब एक सप्ताह पहले उसने एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें मंत्री संतोष सुमन के खिलाफ अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच

वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद इसकी जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में आरोपी एक अन्य वीडियो का जिक्र करते हुए मांझी समाज को निशाना बनाए जाने की बात कह रहा था और इसी को लेकर मंत्री पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रहा था।

फरार होने के बाद घर से पकड़ा गया आरोपी

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। वीडियो वायरल होने के बाद उमेश कुमार घर छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि बुधवार रात पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में जुटी पुलिस

मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने इस तरह का वीडियो क्यों बनाया और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page