रोहतास में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, एक ही दिन दो रिश्वतखोर अधिकारी गिरफ्तार

0
1779474893450.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना / सासाराम | 22 मई 2026,

पटना / सासाराम: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहतास जिले के सासाराम में एक ही दिन दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि दोनों कार्रवाई लगभग एक किलोमीटर के दायरे में की गई और दोनों में ब्यूरो को सफलता मिली।

अंचलाधिकारी और निजी सहायक 3 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

पहली कार्रवाई में निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने निगरानी थाना कांड संख्या-061/26 के तहत सासाराम अंचल के अंचलाधिकारी आकाश कुमार रौनियार एवं उनके निजी घरेलू सहायक सोनू कुमार को 3 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी बेदा, मोरसराय स्थित निजी आवास से की गई।

दाखिल-खारिज मामले में मांगी जा रही थी मोटी रिश्वत

शिकायतकर्ता राकेश कुमार, जो वर्तमान में सासाराम अंचल में राजस्व कर्मचारी हैं, ने निगरानी ब्यूरो को शिकायत दी थी कि अंचलाधिकारी द्वारा प्रत्येक दाखिल-खारिज मामले में 50 हजार रुपये तथा एक विशेष दाखिल-खारिज वाद में 8 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। सत्यापन के दौरान प्रथम किस्त के रूप में 3 लाख रुपये मांगे जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद विशेष धावादल का गठन कर कार्रवाई की गई।

सदर अस्पताल के लिपिक भी 20 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए

दूसरी कार्रवाई में निगरानी थाना कांड संख्या-060/26 के तहत सतीश कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी सदर अस्पताल, सासाराम स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सामने शिव मंदिर के पास सड़क किनारे से हुई।

स्थानांतरण रोकने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

परिवादिनी सुनीता कुमारी, जो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संझौली में प्रखंड लेखा प्रबंधक हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका स्थानांतरण रोकने के लिए आरोपी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए गए और विशेष टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों को विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।

सदर अस्पताल के लिपिक सतीश कुमार

निगरानी टीम को मिलेगा पुरस्कार

एक ही दिन में दो सफल कार्रवाई होने पर निगरानी ब्यूरो के महानिदेशक ने कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page