संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 मई 2026,
गयाजी: जिले के खिजरसराय स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के सिसवर प्रांगण में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 के विद्यालय टॉपर एवं आईटीएसई प्रतियोगिता परीक्षा में देशभर में टॉपर रहे छात्र अंकुश कुमार को सम्मानित किया गया। अंकुश कुमार, खिजरसराय निवासी मि. पिंटु कुमार के पुत्र हैं। उन्हें संस्था की ओर से पचास हजार का चेक और एक लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह
समारोह के दौरान विद्यालय संचालक मि. जिजेश पी. एवं विद्यालय प्राचार्य मि. सिजो फ्रांसिस ने मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। खासकर आलिया साहिल की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और खूब सराहना बटोरी।
जीतन राम मांझी ने छात्रों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीतन राम मांझी ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा ही समाज और देश को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
अन्य अतिथियों ने भी बढ़ाया छात्रों का मनोबल
समारोह में विशेष अतिथि मि. ऋषभ शर्मा एवं मि. शिवम् कुमार भी मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
