गयाजी में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, CRPF ने बरामद किया 5 किलो का प्रेशर IED
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 मई 2026,
गयाजी: जिले के नक्सल प्रभावित लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी विध्वंसक साजिश को विफल कर दिया है। सीआरपीएफ की डी-215 बटालियन द्वारा चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान सिंहवा जंगल के पहाड़ी इलाके से 5 किलोग्राम का शक्तिशाली प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी बम बरामद किया गया। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
गुप्त सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ डी-215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल को गुप्त सूचना मिली थी कि लुटुआ क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की कोशिश की जा रही है। सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह से कैंप नागोबार से गुलरिया तरी होते हुए सिंहवा जंगल तक व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।
जंगल में जमीन के नीचे दबा मिला आईईडी
सर्च ऑपरेशन के दौरान डीएसएमडी डिटेक्टर से संदिग्ध संकेत मिलने पर जवानों ने सावधानीपूर्वक खुदाई की। खुदाई में जमीन के नीचे दबा हुआ 5 किलो का प्रेशर आईईडी बरामद हुआ। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह विस्फोटक सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की मंशा से प्लांट किया गया था।
कमांडेंट ने बताया बड़ी सफलता
सीआरपीएफ कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने बताया कि बरामद आईईडी काफी शक्तिशाली था। उन्होंने कहा कि अज्ञात नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को जान-माल की हानि पहुंचाने के उद्देश्य से इसे लगाया गया था। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी घटना टल गई।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। सुरक्षा बल लगातार जंगल क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रहे हैं और नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां नक्सल नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी हैं।
नक्सलियों को सुरक्षा बलों का कड़ा संदेश
गौरतलब है कि गयाजी के नक्सल प्रभावित इलाकों में पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों की सक्रियता से नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आई है। हालांकि हालिया बरामदगी इस बात का संकेत है कि नक्सली फिर से आईईडी हमलों के जरिए सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
