औरंगाबाद से अपहृत 4 वर्षीय मासूम गयाजी से सकुशल बरामद, महिला गिरफ्तार

0
IMG-20260519-WA0017.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | औरंगाबाद/गयाजी | 19 मई 2026,

औरंगाबाद/गयाजी: वट सावित्री पूजा के दिन औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र से अपहृत चार वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गयाजी जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र विकास वैभव के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) की कार्रवाई से इस संवेदनशील मामले का सफल खुलासा हुआ।

देवी मंदिर परिसर से हुआ था अपहरण

जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को ओबरा थाना क्षेत्र के देवी मंदिर परिसर से चार वर्षीय आदविक परासर के गायब होने की सूचना मिली थी। बच्चा ओबरा निवासी सुधीर प्रसाद का पुत्र है। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्चे को लेकर अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन जाते हुए दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद द्वारा 15 अलग-अलग टीमों का गठन कर गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद और आसनसोल तक जांच अभियान चलाया गया।

गया रेलवे स्टेशन से मिला सुराग

जांच के दौरान गया रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में बच्चा उसी महिला के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने महिला का पीछा करते हुए डेल्हा बस स्टैंड और खरखुरा रोड इलाके तक पहुंच बनाई। फुटेज में महिला को गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के समीप एक मकान में प्रवेश करते देखा गया।

किराये के कमरे से बरामद हुआ बच्चा

गयाजी और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने खरखुरा रोड स्थित किराये के कमरे में छापेमारी की, जहां से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से रंजू देवी नामक महिला को गिरफ्तार किया गया। महिला ने अपनी पहचान रंजू देवी, पति रविंद्र पासवान, मूल निवासी दुल्हाबिगहा, थाना कोच तथा वर्तमान पता डेल्हा, गया बताया।

अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य मामलों में संलिप्त होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और संयुक्त टीम की सक्रियता के कारण बच्चे को सुरक्षित बरामद करने में सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page