मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया राजगीर मलमास मेला का उद्घाटन, ब्रह्मकुंड में की पूजा-अर्चना

0
1779034390108.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | राजगीर | 17 मई 2026,

राजगीर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राजगीर स्थित ब्रह्मकुंड परिसर में आयोजित पवित्र मलमास मेला का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना एवं महाआरती में भाग लेकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

मलमास मेले के उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुंड परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मेले के दौरान चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मलमास मेला सनातन परंपरा में विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस पावन आयोजन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु पुण्य अर्जित कर अपने जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है।

पर्यटन स्थलों का भी किया भ्रमण

मलमास मेला उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजगीर जू सफारी, ग्लास ब्रिज राजगीर एवं नेचर सफारी राजगीर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां विकसित आधुनिक सुविधाओं तथा जैव विविधता संरक्षण से जुड़े प्रयासों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर में विकसित की गई पर्यटन परियोजनाएं राज्य में पर्यटन को नई पहचान दे रही हैं। साथ ही यह पहल आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह

मलमास मेले के उद्घाटन के साथ ही राजगीर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्लास ब्रिज का अवलोकन करते मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page