गयाजी–डोभी मार्ग पर चलती पिंक बस में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 मई 2026,
गयाजी: जिले के हरियो गांव के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गया–डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर चल रही महिलाओं के लिए संचालित पिंक बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस उस समय खाली थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दोमुहान बोधगया से गयाजी आ रही थी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिंक बस दोमुहान बोधगया से गयाजी की ओर आ रही थी। इसी दौरान अचानक बस से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि पूरी बस कुछ ही मिनटों में धू-धू कर जलने लगी। सड़क पर उठती ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर सुरक्षित दूरी पर हट गए।
सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार
घटना के बाद गयाजी–डोभी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
दमकल टीम ने पाया आग पर काबू
दमकल टीम के रघुवीर कुशवाहा ने बताया कि सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना क्षेत्र से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब सवा तीन बजे घटना की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद गया मुख्यालय से दो दमकल वाहनों के साथ टीम रवाना की गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
