आईजी विकास वैभव ने गयाजी में किया पुलिस-पब्लिक संवाद, जनता की समस्याएं सुन दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0
IMG_20260513_144458.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 मई 2026,

गयाजी: पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में बुधवार को रेड क्रॉस गांधी मैदान में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन Let’s Inspire Bihar द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।

जनता और पुलिस के बीच भरोसा मजबूत करने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास एवं सहयोगात्मक संबंधों को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। संवाद के दौरान उपस्थित लोगों ने स्थानीय समस्याएं, कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे एवं पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित सुझाव आईजी के समक्ष रखे। विकास वैभव ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

हर महीने होगा पुलिस-पब्लिक संवाद

आईजी ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाना में एक नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, ताकि लोगों की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई हो सके।

इसके साथ ही गया रेलवे स्टेशन पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी जल्द पहल की जाएगी, ताकि यात्रियों एवं आम लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अपराध और भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’

विकास वैभव ने स्पष्ट कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा थाना स्तर पर किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील

गयाजी पुलिस की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने एवं पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।

लोगों ने पहल की सराहना की

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आईजी विकास वैभव की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास बहाली की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

पुलिस पब्लिक संवाद कार्यक्रम उपस्थित स्थानीय लोग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page