तपोवन मलमास मेला की तैयारी शुरू, कुंड सफाई और रंग-रोगन कार्य का शुभारंभ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 मई 2026,
गयाजी: जिले के मोहड़ा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक तपोवन स्थल पर आगामी 16 मई से आयोजित होने वाले 30 दिवसीय मलमास मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
एसडीएम के निरीक्षण के बाद तेज हुई तैयारी
हाल ही में अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने तपोवन स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्य को गति दे दी है। इसी क्रम में मोहड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार यादव के निर्देश पर तपोवन कुंड की सफाई एवं मेला परिसर में रंग-रोगन कार्य का शुभारंभ किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
बीडीओ मुकेश कुमार यादव ने बताया कि मलमास मेला के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु तपोवन पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मेला परिसर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलंत शौचालय, स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे वातावरण की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आकर्षक और सुरक्षित मेला बनाने पर प्रशासन का फोकस
प्रशासन द्वारा मेले को व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और साफ-सफाई को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है तपोवन
तपोवन मलमास मेला धार्मिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। मलमास के दौरान यहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं पवित्र कुंड में स्नान करते हैं। हर वर्ष लगने वाला यह मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख हिस्सा माना जाता है।
