बिहटा में प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने उद्यमिता और निवेश बढ़ाने पर दिया जोर
आर्यावर्त वाणी | पटना / बिहटा | 28 अप्रैल 2026,
पटना/बिहटा : मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा निर्मित प्रौद्योगिकी केंद्र, बिहटा (पटना) तथा चार एक्सटेंशन सेंटर – मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नेशनल एससी-एसटी हब के तहत उद्यमी जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।
केंद्रीय मंत्री भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रौद्योगिकी केंद्र परिसर में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और लाभार्थियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएमईजीपी, एससी-एसटी हब योजना एवं ग्राम उद्योग विकास योजना के तहत चेक, टूलकिट और प्रमाण-पत्र वितरित किए।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में तकनीकी शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए इंजीनियरिंग की पढ़ाई का शुल्क मात्र 10 रुपये और डिप्लोमा का शुल्क 5 रुपये रखा गया है। राज्य के प्रत्येक अनुमंडल में आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थान तथा सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं। साथ ही, सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
आईआईटी बिहटा में एआई सेंटर की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में ही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बिहटा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे राज्य को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने और निवेश बढ़ने की उम्मीद है।
निवेश और रोजगार पर फोकस
उन्होंने कहा कि बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये तक का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के लोग जीएसटी के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
शिक्षा विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान की योजना
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जुलाई से प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। साथ ही ‘सहयोग कार्यक्रम’ के तहत हर माह प्रखंड, अंचल और थाना स्तर पर कैंप लगाकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
