गर्मी से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट: गया में हीट वेव से बचाव को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक

0
IMG-20260425-WA0002.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 अप्रैल 2026,

गयाजी: शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में गर्म हवाओं (लू) से बचाव को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बढ़ती गर्मी के बीच आमजन को राहत मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि अप्रैल माह से ही जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का शत – प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नगर निगम एवं नगर निकायों को निर्देश दिया कि सभी सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करें और पुराने प्याऊ की मरम्मत कर उन्हें चालू रखें। साथ ही “क्या करें, क्या न करें” से संबंधित जागरूकता पोस्टर भी लगाए जाएं।

पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए डीएम ने खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत, नल-जल योजनाओं को दुरुस्त करने तथा जरूरत पड़ने पर टैंकर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी अस्पतालों में हीट वेव से निपटने के लिए विशेष वार्ड तैयार रखें, जहां बेड, ओआरएस, शीतल पेयजल, एसी/कूलर एवं जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हों।

शिक्षा विभाग को स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के समय निर्धारण के आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा गया।

आईसीडीएस, पंचायत, परिवहन, बिजली और पशुपालन विभाग को भी अपने-अपने स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और पेयजल जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आम नागरिक पेयजल से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page