औचक निरीक्षण में खुली स्कूलों की पोल, डीईओ ने अनियमितताओं पर सख्ती के दिए निर्देश
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 16 अप्रैल 2026,
जहानाबाद; रतनी-फरीदपुर प्रखंड के विद्यालयों में गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सरस्वती कुमारी के औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाखापुर एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय झुनाठी में निरीक्षण के दौरान मध्यान्न भोजन, शैक्षणिक व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पाई गई।
निरीक्षण के बाद डीईओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
डीईओ ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्रों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए। साथ ही प्रतिदिन होमवर्क देने और उसकी जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पाठ योजना (लेसन प्लान) को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीईओ स्वयं कक्षा में पहुंचीं और बच्चों को पढ़ाया। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
