गया कॉलेज के एनएसएस द्वारा स्लम बस्ती में मनाई गई डॉ. अंबेडकर जयंती, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 अप्रैल 2026,
गयाजी: गुरुवार को गया कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा गोद ली गई स्लम बस्ती ( पुलिस लाइन ग्वालबीघा ) में डॉ0 बी0 आर0 आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित की गई साथ ही उनकी जयंती भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
प्राचार्य ने दिया प्रेरणादायक संदेश
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य सतीश चंद्र सिंह संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता ने रखे विचार
मुख्य वक्ता के रूप में मगध यूनिवर्सिटी के एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, संविधान निर्माण में उनके योगदान और सामाजिक परिवर्तन में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को बाबा साहब के विचारों से प्रेरणा लेने की बात कही।
समाज में जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सभी ने सामाजिक समरसता, समानता और शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य वंचित वर्गों में जागरूकता फैलाना और डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह आयोजन सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
स्वयंसेवकों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के संयोजक एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा में सक्रिय रहने और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर सौरव, इस्तियाक, खुशबू, अभिषेक, प्रेम, सावन, पूजा, शुभम, रंजना और सृष्टि सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
