गयाजी में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 मार्च 2026,
गयाजी। रामनवमी पर्व के अवसर पर गयाजी शहर में गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए। श्रीरामनवमी पूजा केंद्रीय समिति के बैनर तले आयोजित इस शोभायात्रा में 112 झंडा समितियों ने भाग लिया था। विष्णुपद मंदिर, डेल्हा, रामशिला, छोटकी नवादा, पावरगंज, घुघरीटांड और मानपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।
आजाद पार्क से विष्णुपद तक निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा आजाद पार्क से प्रारंभ होकर नई गोदाम, मीर सफायत, अहमद रोड, दवा मंडी, टिकारी रोड, बाटा मोड़, स्वराजपुरी रोड, ढोलकिया गली, केपी रोड, जीबी रोड, बजाजा रोड, रमना रोड, पीरमंसूर, कोयरीबारी, नादरागंज, टिल्हा धर्मशाला, नावगढ़ी और चांद चौरा होते हुए विष्णुपद मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।
रामभक्ति में सराबोर दिखा शहर
पूरे शहर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे। बैंड-बाजे की धुन पर रामभक्त नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। युवाओं और युवतियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मातृशक्ति भी बड़ी संख्या में शामिल हुई, जो माथे पर पगड़ी और पीले-लाल परिधान में नजर आईं।
झांकियां और आकर्षण बने केंद्र
शोभायात्रा में अशोक घोड़ा और पुष्पक विमान विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मेरठ का स्वर्ण रथ, महाराष्ट्र की ढोल टीम, उज्जैन के डमरू वादक और राम दरबार की आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा केरल के योद्धा समूह, वाराणसी के अघोरी, कामाख्या के अग्नि अघोरी, लखनऊ का स्वर्ण रथ और 15 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा ने शोभायात्रा को और भव्य बना दिया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
शहरवासियों ने शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया। घरों की छतों से पुष्प वर्षा की गई। इसके अलावा स्वयंसेवकों द्वारा जगह जगह पर शर्बत पानी और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे और छतों पर बैठकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेते रहे।
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
शोभायात्रा के दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार खुद पूरे मार्ग का निरीक्षण करते नजर आए। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
