रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक

0
IMG-20260323-WA0001.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 मार्च 2026,

गयाजी। आगामी 26 मार्च को जिले में भव्य रूप से मनाए जाने वाले रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

शोभायात्रा मार्गों का किया गया निरीक्षण

बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि गयाजी जिले में रामनवमी का शोभा यात्रा बड़े स्तर पर निकाला जाता है। इसके लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही सभी व्यवस्थाओं का आकलन कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा के सभी रूटों का पैदल निरीक्षण डीएम, एसएसपी सहित वरीय अधिकारियों द्वारा किया गया है। निरीक्षण के दौरान जहां सड़क मरम्मत, बिजली के तार ऊंचा कराने, बैरिकेडिंग, रोशनी और सीसीटीवी की आवश्यकता पाई गई है, वहां आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

शोभायात्रा के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य

जिला पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि रामनवमी शोभा यात्रा के लिए लाइसेंस हेतु प्राप्त होने वाले आवेदनों की रिसीविंग हर हाल में आयोजकों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि प्रमुख स्थानों पर चिकित्सक दल और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से पीर मंसूर, कोतवाली, बाटा मोड़ और विष्णुपद मंदिर के समीप चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी।

भीड़ नियंत्रण के लिए वालंटियर रखने का निर्देश

प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों को निर्देश दिया कि शोभा यात्रा में पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखें, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। प्रमुख स्थानों पर जनरेटर के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा चलंत वाहनों के माध्यम से भी रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने शांति समिति के सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्यक्रम के दौरान सहयोग करें।

सोशल मीडिया पर भी रखी जाएगी कड़ी निगरानी

वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि गयाजी जिले में रामनवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा निकलती है, जो गंगा-जमुनी तहजीब का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सभी शोभायात्राओं के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन करना होगा। शोभा यात्रा में बजने वाले गीतों की भी जांच करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शोभायात्रा के आगे और पीछे पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे तथा चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।

बैठक में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, गया नगर निगम के महापौर, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पर्यटन पदाधिकारी, नगर पुलिस उपाधीक्षक-01, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था), पुलिस उपाधीक्षक वजीरगंज, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सहित शांति समिति के सदस्य और जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।

शान्ति समिति के सदस्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page