रामनवमी की तैयारी तेज, डीएम व एसएसपी ने शोभायात्रा मार्ग का पैदल किया निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 मार्च 2026,
गयाजी। आगामी 26 मार्च को जिले में भव्य रूप से मनाए जाने वाले रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने रामनवमी आयोजन समिति के सदस्यों के साथ शोभायात्रा के पूरे रूट का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत आजाद पार्क से की गई, जहां विभिन्न स्थानों से आने वाली शोभायात्राएं एकत्रित होती हैं और यहां से निर्धारित मार्ग से होते हुए विष्णुपद मंदिर तक पहुंचकर समाप्त होती हैं।
मेडिकल, रोशनी और पेयजल की समुचित व्यवस्था का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने आजाद पार्क के समीप मेडिकल सुविधा, पर्याप्त रोशनी तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि रामनवमी के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शोभायात्राएं यहां पहुंचती हैं, इसलिए सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए।
रास्तों की मरम्मत और नालियों पर ढक्कन लगाने के निर्देश
इसके बाद अधिकारी पैदल तेलबीघा काली मंदिर पहुंचे और शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। यहां खुली नालियों पर ढक्कन लगाने और सड़क के समतलीकरण का निर्देश दिया गया। इसके पश्चात मुरारपुर काली मंदिर में मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यहां मिनी कंट्रोल रूम संचालित करने को भी कहा गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खैरात अहमद सड़क, दवा मंडी रोड, टेकारी रोड, गोसाई बाग रोड, ढोलकिया गली, केपी रोड, छत्ता मस्जिद, पीर मंसूर, नादरागंज और चांद चौरा होते हुए विष्णुपद मंदिर तक पैदल निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शोभायात्रा मार्ग पर कहीं भी डार्क स्पॉट नहीं रहना चाहिए। जहां रोशनी की कमी होगी, वहां वैकल्पिक लाइट की व्यवस्था की जाए।
सीसीटीवी, ड्रोन और बैरिकेडिंग की होगी व्यवस्था
प्रशासन ने शोभायात्रा मार्ग के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी को बैरिकेडिंग, वॉच टावर और ड्रॉप गेट लगाने के लिए कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही जहां आवश्यकता होगी वहां सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की जाएगी।
ट्रैफिक प्लान और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिया कि शोभायात्रा मार्ग से आवारा पशुओं को काऊ कैचर के माध्यम से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सदर और पुलिस उपाधीक्षक यातायात को ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसे प्रसारित करने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया है कि शोभायात्रा के दिन बिजली कटौती से संबंधित सूचना पहले ही एसएमएस के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाए और मार्ग में मौजूद सभी ढीले तारों को तत्काल ठीक कराया जाए।
अग्निशमन और चलंत लाइट की भी होगी व्यवस्था
अग्निशमन विभाग को प्रमुख मार्गों और विष्णुपद मंदिर के समीप अग्निशमन वाहन तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि शोभायात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर चलंत वाहनों के माध्यम से अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर,वरीय पुलिस अधीक्षक, सुशील कुमार, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक नगर-01, जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और रामनवमी शोभायात्रा आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
