निशु कुमारी बनीं बिहार टॉपर, इंटर कला संकाय में 479 अंक लाकर किया जिले का नाम रौशन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 मार्च 2026,
गयाजी। सपनों को पूरा करने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि बड़े हौसले और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। इस बात को गयाजी जिले के किसान परिवार की बेटी निशु कुमारी ने सच कर दिखाया है। इंटरमीडिएट कला संकाय की परीक्षा में 479 अंक प्राप्त कर उन्होंने पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरा गयाजी जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
खिजरसराय के लोदीपुर गांव की रहने वाली हैं निशु
निशु कुमारी गयाजी जिले के खिजरसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव की निवासी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली निशु ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और निरंतर मेहनत व अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
निशु के पिता पेशे से है किसान
निशु के पिता अमोद कुमार पेशे से किसान है और मां गृहणी, पिता खेती करके अपनी गृहस्थी चलाते हैं। निशु अपने तीन भाई बहन में दूसरे नंबर पर है उनसे बड़ा एक भाई है और उनसे छोटी एक बहन।
यशवंत इंटर स्कूल की छात्रा हैं निशु
निशु कुमारी ने खिजरसराय स्थित यशवंत इंटर स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और नियमित तैयारी का ही परिणाम है कि उन्होंने सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है।
भूगोल में 100 में 100 अंक, अन्य विषयों में भी शानदार प्रदर्शन
निशु कुमारी ने परीक्षा में शानदार अंक हासिल किए हैं। विशेष रूप से भूगोल विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी में 90, हिंदी में 97, इतिहास में 97 और राजनीतिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
परिवार और जिले में खुशी की लहर
निशु की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव और आसपास के लोग उन्हें बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
