चैती छठ को लेकर गयाजी के घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 मार्च 2026,
गयाजी। चैती छठ पर्व की तैयारियों को लेकर गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने शनिवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंदुई, सूर्यकुंड, देवघाट, ब्राह्मणी घाट और पितामहेश्वर घाट सहित कई प्रमुख घाटों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्राह्मणी घाट पर लापरवाही पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पितामहेश्वर घाट के पास अस्थायी कुंड निर्माण कार्य प्रगति पर मिला, जिससे नगर आयुक्त आंशिक रूप से संतुष्ट दिखे। हालांकि ब्राह्मणी घाट के समीप अस्थायी कुंड का निर्माण नहीं होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद कनीय अभियंता को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर अस्थायी कुंड का निर्माण कार्य पूरा कराने का सख्त निर्देश दिया।
समय पर काम पूरा नहीं होने पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि 24 घंटे के भीतर सभी घाटों पर अस्थायी कुंड का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
नगर आयुक्त ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि व्रतियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों पर साफ-सफाई व्यवस्था, प्रकाश की उपलब्धता, सुरक्षा इंतजाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस सूरज कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार, विद्युत पदाधिकारी गौरव सिंह, सफाई मुख्य पर्यवेक्षक चंद्र मोहन चिंटू, जेई-एई और सफाई से जुड़े अधिकारी सिंधु मिश्रा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
