सीयूएसबी की रील मेकिंग प्रतियोगिता में अभि पवन सिंह को प्रथम पुरस्कार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 मार्च 2026,
गयाजी; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय की विरासत और भविष्य की थीम पर शुक्रवार को छात्रों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। विश्वविद्यालय के कुलपति कामेश्वर नाथ सिंह की पहल पर “फाउंडेशन टू फ्यूचर : सेलेब्रटिंग आवर लेगेसी, इंस्पायरिंग आवर टूमॉरो” विषय पर रील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 20 विभिन्न विभागों के छात्रों द्वारा कुल 46 रील प्रस्तुत की गईं।
निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता का मूल्यांकन एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की वित्त अधिकारी रश्मि त्रिपाठी, डिजिटल क्रिएटर एवं दंत चिकित्सक Charima Priya तथा भारतीय स्टेट बैंक की सीयूएसबी शाखा की बैंक प्रबंधक ज्योति वर्मा शामिल थीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, कहानी कहने की शैली और प्रस्तुति कौशल की सराहना की।
अभि पवन सिंह को मिला प्रथम स्थान
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सिर आलम ने बताया कि शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र अभि पवन सिंह ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 5,000 रुपये का चेक और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार अंग्रेजी विभाग की सैयदा सालेहा शफाई और उनकी टीम को 3,000 रुपये की राशि एवं प्रमाणपत्र के साथ दिया गया। वहीं तृतीय स्थान फार्मेसी विभाग के आलोक कुमार और उनकी टीम ने प्राप्त किया, जिन्हें 2,000 रुपये की राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड भी किया गया प्रदान
प्रतियोगिता में पाँच सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। इसके अलावा ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड 2,000 रुपये की नकद राशि के साथ मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग की सौलत जावेद और उनकी टीम को दिया गया। यह पुरस्कार उस रील को प्रदान किया गया जिसे विश्वविद्यालय के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर सबसे अधिक लाइक्स प्राप्त हुए।
छात्रों की रचनात्मकता का हुआ प्रदर्शन
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. दास अंबिका भारती, डॉ. पल्लवी सिंह और डॉ. अंकिता कुमारी द्वारा किया गया। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाने में सफल रही।