समृद्धि यात्रा– सीवान में विकास कार्यों की समीक्षा, मुख्यमंत्री ने 71 योजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | पटना / सिवान | 22 जनवरी 2026,
पटना/सीवान। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के निर्माण की प्रतिबद्धता के साथ जारी समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सीवान जिला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
202 करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 157 करोड़ रुपये की लागत से 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 45 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 31 योजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन योजनाओं से सीवान जिले के आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के क्रम में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सड़क, जल-जीवन-हरियाली योजनाओं का लिया जायजा
समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्व में घोषित आन्दर ढाला से हुसैनगंज पथ के चौड़ीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इसके अलावा जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत विकसित पार्क एवं तालाब का अवलोकन कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
जन-संवाद कार्यक्रम में आमजन को किया संबोधित
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जन-संवाद कार्यक्रम में आम नागरिकों को संबोधित किया और सरकार की विकास योजनाओं एवं भविष्य की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
