दिनदहाड़े ठगी की बड़ी वारदात, टावर चौक पर बुजुर्ग से 1.30 लाख उड़ाए

0
Screenshot_2026_0122_210218.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जनवरी 2026,

गयाजी; शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टावर चौक पर बुधवार की सुबह दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया। तीन शातिर बदमाशों ने आपसी साठगांठ के तहत एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर उनके बैग में रखे 1 लाख 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

बैंक से रुपये निकालते ही बदमाशों ने बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मिर्चाइया गली निवासी श्यामलाल प्रसाद ने एसबीआई की गोदान शाखा से 1 लाख 30 हजार रुपये की निकासी की थी। बैंक से बाहर निकलने के बाद वे टावर चौक स्थित जैनम सोना दुकान के पास पहुंचे। दुकान बंद होने के कारण वे वहीं बाहर बैठ गए, इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया।

तरल पदार्थ गिराकर रची ठगी की साजिश

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक बदमाश हाथ में तरल पदार्थ से भरी प्लेट लेकर आया और जानबूझकर बुजुर्ग के कपड़ों पर गिरा दिया। पहली बार असफल रहने के बाद उसने दोबारा प्रयास किया और दूसरी बार तरल पदार्थ गिराने में सफल हो गया। अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग घबरा गए और संभलने का मौका नहीं मिला।

कपड़े साफ करने के बहाने ध्यान भटकाया

इसके तुरंत बाद दूसरा बदमाश मौके पर पहुंचा और कपड़े साफ करने का नाटक करने लगा। दोनों बदमाशों की चालबाजी में बुजुर्ग उलझे रहे। इसी बीच तीसरा बदमाश चुपचाप आया और उनके बैग से रुपये निकालकर मौके से फरार हो गया।

ठगी का एहसास होते ही मचा हड़कंप

जब तक बुजुर्ग को ठगी का एहसास हुआ, तब तक तीनों बदमाश अलग-अलग दिशाओं में फरार हो चुके थे। पीड़ित ने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी के आधार पर जांच तेज, गिरफ्तारी के प्रयास

कोतवाली थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।

दिनदहाड़े ठगी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

व्यस्त इलाके टावर चौक पर दिनदहाड़े हुई इस ठगी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बदमाश इतने बेखौफ होकर कैसे घटना को अंजाम देते है। कही बदमाश बैंक से ही रेकी कर इनका पीछा तो नहीं कर रहे थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इधर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page