सरस्वती पूजा को लेकर बथानी अनुमंडल में शांति समिति की विस्तृत बैठक संपन्न

0
IMG-20260121-WA0006.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जनवरी 2026,

नीमचक बथानी; अनुमंडल क्षेत्र में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 21.01.2026 को नीमचक बथानी अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद की अध्यक्षता में शांति समिति की एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह, सभी अंचल अधिकारी, कार्यपालक नगर पंचायत पदाधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से पूजा पंडालों की सुरक्षा, मूर्ति स्थापना एवं विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमन, निर्धारित समय सीमा के भीतर विसर्जन तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर दिया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक नारेबाजी, अशोभनीय गाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें और शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करें।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों, शराबखोरी, हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजे का उपयोग पूर्णतः बंद रहेगा, साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए आम लोगों से शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अंत में प्रशासन की ओर से सभी नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे पर्व को आस्था, मर्यादा और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page