समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री का सीतामढ़ी व शिवहर दौरा, सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | पटना | 19 जनवरी 2026,
पटना/सीतामढ़ी/शिवहर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन, विकास एवं समृद्धि के संकल्प के साथ प्रारंभ की गई समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सीतामढ़ी एवं शिवहर जिलों का भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए।
सीतामढ़ी में सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण
सीतामढ़ी जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 346 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का शिलान्यास तथा 208.12 करोड़ रुपये की लागत से 26 योजनाओं का उद्घाटन किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने बेलसंड प्रखंड अंतर्गत चंदौली पुल का उद्घाटन किया और बागमती तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।
इसके अतिरिक्त चंदौली स्थित हितनारायण उच्च विद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय, ओपन जिम एवं नक्षत्र वाटिका का भी उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को लाभ मिलेगा।
शिवहर में विकास कार्यों को मिली नई गति
शिवहर जिले में मुख्यमंत्री ने 17 करोड़ रुपये की लागत से 28 योजनाओं का शिलान्यास तथा 42 करोड़ रुपये की लागत से 75 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देकुलीधाम मंदिर परिसर का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया। साथ ही जिले में नवनिर्मित बस स्टैंड का उद्घाटन कर आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान की। प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं का भी शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी एवं शिवहर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन को सदैव सजग एवं संवेदनशील रहना होगा।
जन-संवाद कार्यक्रम में जनता से संवाद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों जिलों में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रमों में आमजनों को संबोधित करते हुए सरकार की विकासपरक नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी तथा जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।
समृद्धि यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्रीय विकास को गति देने के साथ-साथ आम जनता के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
