फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को मिलेगा सीधा लाभ, गयाजी में विशेष अभियान तेज

0
1767978983718.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जनवरी 2026,

गयाजी; बिहार सरकार के कृषि विभाग एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा किसानों को सशक्त एवं समृद्ध बनाने की दिशा में फार्मर रजिस्ट्री की शुरुआत की गई है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक किसान की एक विशिष्ट डिजिटल पहचान बनाई जा रही है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे, पारदर्शी एवं बिना किसी बिचौलिये के किसानों तक पहुंच सकेगा।

सरकारी योजनाओं के लिए आईडी अनिवार्य

राज्य सरकार ने फार्मर रजिस्ट्री को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) सहित सभी कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य कर दी गई है।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

फार्मर रजिस्ट्री के क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

तेजी से रजिस्ट्रेशन के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि विशेष अभियान के दौरान तेजी एवं बेहतर समन्वय के साथ अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

हर राजस्व ग्राम में कैंप लगाने के आदेश

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक राजस्व ग्राम में बार-बार कैंप लगाकर किसानों का फार्मर रजिस्ट्री रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान छूट न जाए।

कहां और कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन

किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने के लिए नजदीकी किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, हल्का कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं भूमि से संबंधित दस्तावेज आवश्यक हैं।

समस्या होने पर यहां करें संपर्क

यदि रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है, तो किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अथवा अंचल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

किसानों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

किसानों की सुविधा के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
🔹कृषि विभाग हेल्पलाइन: 1800 180 1551
🔹राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग हेल्पलाइन: 1800 345 6215

किसानों से अपील

जिलाधिकारी ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपना फार्मर रजिस्ट्री रजिस्ट्रेशन समय पर पूरा कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page