मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से संबंधित घोषणाओं की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा, समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश

0
1767763133274.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 जनवरी 2026,

गयाजी; जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के क्रम में जिले के लिए की गई घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा भूमि अर्जन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जाए।

भूमि अर्जन को तेजी से पूरा करने का निर्देश

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग प्रतिदिन भूमि अधिग्रहण एवं कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि “हर हाल में प्रगति दिखनी चाहिए और कार्य तय समय सीमा के अंदर पूर्ण होना चाहिए।”

13 सरकारी घोषणाओं की समीक्षा — वर्तमान स्थिति

01. इमामगंज में मोरहर नदी पर कोठी वीयर का निर्माण
जल संसाधन विभाग द्वारा करवाया जा रहा यह कार्य निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 1–2 दिनों में प्रारंभ होगा। योजना अगस्त 2026 तक पूर्ण की जाएगी।

02. लावावार एवं सोनदाहा बांध का जीर्णोद्धार
लघु जल संसाधन विभाग पुनर्निविदा प्रक्रिया में है। डीएम ने विभाग को निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। बारा बांध का कार्य तेजी से प्रगति पर है और अगस्त 2026 तक पूरा होगा।

03. बसतपुर वीयर–लोदीपुर पइन का जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण
निर्माण कार्य प्रारंभ है। अतिक्रमण वाले हिस्सों को हटाने का निर्देश दिया गया है। बिजली पोल शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग को निर्देशित किया गया। यह योजना नवंबर 2026 तक पूर्ण होगी।

04. घुघरीटांड़ एवं मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाईओवर निर्माण
BSRDC द्वारा करवाए जा रहे इन कार्यों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की गई है। DGM की अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

05. गया–परैया–गुरारू–औरंगाबाद–रफीगंज सड़क चौड़ीकरण
सड़क निर्माण का कार्य जारी है, 3 किमी हिस्सा पूरा हो चुका है। डीएम ने पूरे रूट का एलाइनमेंट सत्यापित कर आवश्यक भूमि अधिग्रहण समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। लक्ष्य: अप्रैल 2027।

06. कोठी–सलाईया–झारखंड पथ का चौड़ीकरण
24 किमी सड़क में 3 किमी निर्माण पूर्ण, शेष कार्य तेजी से जारी है।

07. बेल्थू में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय
दुर्बे नगर में जमीन चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू। जून 2027 तक पूर्ण होगा।

08. कंडी नवादा एवं सिलौंजा में पार्क निर्माण
निर्माण कार्य प्रगति पर, निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जाएगा।

09. 14 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण
8 भवनों में कार्य चल रहा है, शेष का निविदा कार्य जनवरी में पूर्ण किया जाएगा।

10. बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर रेल ओवरब्रिज निर्माण
भू-अर्जन के कागजात विभाग को भेजे जा चुके हैं। कार्य पूल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा।

11. बेला-पनारी रोड–शाकिर बिगहा पथ चौड़ीकरण
12 में से 5 किमी सड़क तैयार हो चुकी है।

12. बांकेबाजार के बारा में दो नदियों पर पुल निर्माण
कार्य तेजी से प्रगति पर, तय समय में पूर्ण किया जाएगा।

13. इमामगंज डिग्री कॉलेज निर्माण
टेंडर प्रक्रिया पूर्ण, निर्माण शुरू। फरवरी 2027 तक कार्य पूरा किया जाएगा।

योजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्देश

डीएम ने कहा कि ये सभी योजनाएं जिले के विकास से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण घोषणाएं हैं। सभी पदाधिकारी पूरी गंभीरता व रुचि से कार्य करें ताकि गयाजी जिले की जनता समय पर इन सुविधाओं का लाभ उठा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व परितोष कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता धनराज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page