बौद्ध महोत्सव 2026 की तैयारी तेज़, डीएम शशांक शुभंकर ने किया कालचक्र मैदान का निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी |गयाजी | 02 जनवरी 2026,
गयाजी; जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बौद्ध महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर आज कालचक्र मैदान का निरीक्षण किया तथा बीटीएमसी सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस वर्ष बौद्ध महोत्सव का आयोजन 22 जनवरी से 24 जनवरी तक तीन दिनों के लिए किया जा रहा है। बड़ी संख्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतज़ामों की रूपरेखा तैयार की है।
गेटवार व्यवस्था की समीक्षा—भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने हर गेट की स्थिति और लोगों के प्रवेश मार्गों को विस्तार से समझा। उन्होंने वीवीआईपी, वीआईपी, मोंक, मीडिया, महिला दीर्घा तथा आम दीर्घा के प्रवेश द्वारों की जानकारी लेते हुए कहा कि “यात्री किस गेट से प्रवेश करेंगे यह स्पष्ट प्लान अभी से तैयार कर लिया जाए।” उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक बोधगया और अनुमंडल पदाधिकारी सदर को अलग-अलग श्रेणी के आगंतुकों के लिए सुचारू प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था पर जोर
डीएम ने कालचक्र मैदान तथा महाबोधि मंदिर परिसर के आसपास
पर्याप्त संख्या में टॉयलेट, स्वच्छ पेयजल, संपूर्ण क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर परिषद बोधगया के कार्यपालक पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि पूरे बोधगया क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मानक के अनुरूप हो और
दोमुहान–महाबोधि मंदिर तथा चिल्ड्रन पार्क–वर्मा मोड़ तक आकर्षक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही होटल संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें भी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर आकर्षक लाइटिंग लगाने को कहा जाएगा, ताकि पूरा बोधगया भव्य रोशनी से जगमग दिखाई दे।
यातायात व पार्किंग के लिए पूर्व तैयारी
महोत्सव के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए पूरे यातायात तंत्र को चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। वाहनों के पार्किंग स्थल की पहले से पहचान सुनिश्चित करने और अलग-अलग जोन में वाहन पड़ाव बनाने का निर्देश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी को—
🔹रूट डायवर्जन
🔹ट्रैफिक प्लान
🔹पार्किंग व्यवस्था
का विस्तृत आकलन कर तैयारी पूरी करने को कहा गया।
जहां-जहां ड्रॉप गेट लगाए जाने हैं, उन बिंदुओं को भी अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है।
ग्राम श्री मेला व व्यंजन मेला भी आकर्षण का केंद्र
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार भी कालचक्र मैदान में
🔹ग्राम श्री मेला के लगभग 40 स्टॉल
🔹व्यंजन मेला के 15–20 स्टॉल
लगने की संभावना है। डीएम ने सभी कोषांगों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कोषांग के सदस्यों की बैठक कर वर्क प्लान तैयार करें और समय पर सभी कार्य पूर्ण करें।
सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत
डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि गयाजी जिले की पहचान पितृपक्ष मेला और बौद्ध महोत्सव जैसे आयोजनों से है, इसलिए प्रशासन का दायित्व और भी बढ़ जाता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि—
🔹कालचक्र मैदान में क्राउड मैनेजमेंट की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी हो।
🔹बिजली विभाग किसी भी प्रकार के डार्क स्पॉट को न छोड़े।
🔹सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएं।
🔹गेटों के आसपास किसी भी प्रकार का ठेला-खुमचा न लगे, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
🔹स्वास्थ्य विभाग को तीन पालियों में चिकित्सक तैनात करने और एंबुलेंस व्यवस्था हर समय तत्पर रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में बीटीएमसी के सचिव, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बोधगया सहित सभी कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बौद्ध महोत्सव 2026 को सफल, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए गया प्रशासन ने तैयारियों में कोई कोर-कसर न छोड़ने का भरोसा दिया है।
