खिजरसराय अस्पताल में अव्यवस्था उजागर, एसडीएम के औचक निरीक्षण में हेल्थ मैनेजर गायब

0
Screenshot_2026_0102_145238.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 जनवरी 2026,

गयाजी; खिजरसराय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लचर व्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है। शुक्रवार को एसडीएम केशव आनंद द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में अस्पताल के हेल्थ मैनेजर मुरारी प्रसाद सिंह अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने भी पुष्टि की कि हेल्थ मैनेजर पिछले कई दिनों से लगातार ड्यूटी से गायब हैं, जिसके कारण अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

उपस्थिति रजिस्टर पर भी सवाल

कर्मचारियों ने बताया कि हेल्थ मैनेजर के कई दिनों से अस्पताल नहीं आने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनकी उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज की जा रही है, जो गंभीर अनियमितता का मामला है।

महिलाओं की प्रोत्साहन राशि एक वर्ष से लंबित

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि हेल्थ मैनेजर की लापरवाही का सीधा असर मरीजों और ग्रामीणों पर पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि फरवरी 2024 से प्रसव कराने वाली महिलाओं को मिलने वाली ₹1400 की प्रोत्साहन राशि अब तक नहीं मिल सकी है, जिससे गरीब परिवारों में भारी नाराजगी है।

उप-स्वास्थ्य केंद्रों को मनमाने ढंग से बंद कराने का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों और अस्पताल कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत कई उप-स्वास्थ्य केंद्रों को बिना किसी औपचारिक आदेश के मनमाने तरीके से बंद कराया जा रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है।

कई दिनों से अस्पताल की पेयजल व्यवस्था ठप

अस्पताल में पिछले लगभग दस दिनों से पेयजल व्यवस्था बाधित है। कर्मचारियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए हेल्थ मैनेजर की ओर से किसी प्रकार की पहल नहीं की गई।
हालांकि प्रभारी चिकित्सक डॉ. मीना राय के आवेदन पर एसडीएम ने जेई, एई और ईई, पीएचईडी को तुरंत पानी की समस्या दूर करने का निर्देश दिया है।

एसडीएम के द्वारा कार्रवाई की तैयारी

हेल्थ मैनेजर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। औचक निरीक्षण में कई अनियमितताएं भी सामने आई हैं। इन सभी तथ्यों की जानकारी सिविल सर्जन और जिला पदाधिकारी को भेजी जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

केशव आनंद, एसडीएम निमचक बथानी

अब सवाल है कि क्या कोई इतने संवेदनशील पद पर रहने वाला कर्मी इतना लापरवाह हो सकता है जिसके कंधे पर अस्पताल की इतनी बड़ी जिम्मेदारी हो। खिजरसराय अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही की ये तस्वीरें प्रशासनिक प्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page