वज़ीरगंज में जीविका का रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला, 1872 युवाओं ने कराया निबंधन, 938 को रोजगार प्रस्ताव
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 दिसंबर 2025,
गयाजी: ग्रामीण युवाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा 23 दिसंबर 2025 को वज़ीरगंज में रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन “दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU–GKY)” के तहत किया गया।
938 युवाओं को रोजगार प्रस्ताव
रोजगार मेला में कुल 1872 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें से 938 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में रोजगार प्रस्ताव हेतु चयन किया गया। कई युवाओं ने DDU-GKY के तहत निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण तथा ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में स्वरोजगार हेतु भी पंजीकरण कराया।
बीडीओ ने युवाओं को प्रेरित किया
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रुचि के अनुसार उचित रोजगार चुनें। उन्होंने कहा कि मेले में शामिल कंपनियां मौके पर ही रोजगार उपलब्ध करा रही हैं, जिसका लाभ युवाओं को अवश्य लेना चाहिए।
इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों व संस्थानों ने अपने अपने स्टॉल लगाए थे जिनमें जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC),
ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) आदि ने स्टॉल लगाकर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। जीविका के प्रबंधक रोजगार विमलेश विक्रांत ने मंच से DDU-GKY के तहत उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख फुलवा देवी, बीडीओ प्रभाकर सिंह, पंचायत समिति सदस्य आनंद मिलिन, थानाध्यक्ष वज़ीरगंज सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल रहे। इसके अलावा जीविका के प्रबंधक रोजगार विमलेश विक्रांत, प्रखंड परियोजना प्रबंधक जुली कुमारी, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ पंकज कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक सत्येंद्र प्रसाद, संजय कुमार शर्मा, ब्यूटी रानी, सामुदायिक समन्वयक रूबी कुमारी, मनोज कुमार, राजा लव, सोनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में जीविका कैडर एवं दीदियों ने मेले में सक्रिय भूमिका निभाई। यह रोजगार मेला ग्रामीण युवाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।