गयाजी के टेकारी में जीविका का रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित

0
IMG-20251218-WA0027.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 दिसंबर 2025,

गयाजी; ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा टेकारी प्रखंड में रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के अंतर्गत किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने युवाओं को किया प्रेरित

मेले का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र पासवान ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले ग्रामीण युवाओं के लिए बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं। विभिन्न कंपनियां युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं, जो एक सराहनीय पहल है। युवाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार रोजगार चुनकर आगे बढ़ना चाहिए।

1587 युवाओं ने कराया पंजीयन, 781 का चयन

रोजगार मेले में कुल 1587 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया, जिनमें से 781 युवाओं का चयन रोजगार हेतु प्रस्ताव पत्र के लिए किया गया। यह आंकड़ा मेले की सफलता को दर्शाता है और युवाओं में रोजगार को लेकर बढ़ती जागरूकता को भी रेखांकित करता है।

प्रशिक्षण और स्वरोजगार पर भी रहा विशेष फोकस

ग्रामीण युवाओं ने दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराया। साथ ही ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों हेतु भी युवाओं ने आवेदन किया।

कंपनियों के स्टॉलों पर दी गई विस्तृत जानकारी

मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। मंच से डीडीयू-जीकेवाई एवं कंपनियों के कार्यक्षेत्र, वेतन एवं प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी साझा की गई। आसपास के भी कई प्रखंडों के युवाओं ने मेले में भाग लिया।

बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जीविका दीदियां रहीं उपस्थित

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र पासवान, प्रबंधक रोजगार विमलेश विक्रांत, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त बृजेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक उत्तम कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक मनोज कुमार, सामुदायिक समन्वयक वंदना कुमारी, सरिता कुमारी, प्रीति कुमारी, अनिता कुमारी, एमआरपी मुकेश कुमार बंसल सहित जीविका दीदियां एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page