मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत गयाजी में 13 थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स वाहनों का वितरण

0
1778572738482.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 मई 2026,

गयाजी: मंगलवार को मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत समाहरणालय परिसर में मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लाभुकों के बीच 13 थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स वाहनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं उप मत्स्य निदेशक, मगध परिक्षेत्र ने चयनित लाभुकों को वाहन की चाबी सौंपकर योजना का शुभारंभ किया।

ताजी मछलियों को बाजार तक पहुंचाने में मिलेगी सुविधा

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि मछली उत्पादन मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में होता है, जबकि इसकी खपत शहरी बाजारों में अधिक होती है। आइस बॉक्स युक्त इन विशेष वाहनों के माध्यम से ताजी मछलियों को सुरक्षित तरीके से बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे मत्स्य व्यवसायियों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण एवं ताजी मछली उपलब्ध हो सकेगी।

50 प्रतिशत अनुदान पर दिए गए वाहन

उप मत्स्य निदेशक, मगध परिक्षेत्र विपिन ने बताया कि मत्स्य परिवहन वाहन वितरण योजना के तहत एक थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स वाहन की इकाई लागत 3 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें सरकार की ओर से 50 प्रतिशत यानी 1.5 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। 13 वाहनों के लिए कुल 19.50 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

ऑनलाइन आवेदन के आधार पर हुआ चयन

जिला मत्स्य पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद नियमानुसार लाभुकों का चयन किया गया। सभी चयनित लाभुक मत्स्य विपणन कार्य से जुड़े हुए हैं। लाभुकों ने अपनी सुविधा के अनुसार वाहन आपूर्ति एजेंसी का चयन स्वयं किया है और अनुदान की राशि संबंधित एजेंसी को उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में अधिकारी और लाभुक रहे मौजूद

कार्यक्रम में मत्स्य प्रसार पदाधिकारी सुशीला कुमारी, नागेन्द्र कुमार वर्मा, सुनील कुमार, मत्स्य विकास पदाधिकारी मृणाल कुमार, राजीव कुमार, दानिश हुसैन सहित बड़ी संख्या में लाभुक एवं मत्स्य व्यवसायी उपस्थित रहे।

अपने वाहनों के साथ लाभार्थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page