ओटीए गया की 29वीं पासिंग आउट परेड में 254 कैडेट्स बनेंगे सैन्य अधिकारी, वियतनाम के लेफ्टिनेंट जनरल होंगे मुख्य अतिथि

0
Screenshot_2026_0902_173424.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 सितंबर 2026

गयाजी: गयाजी स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में 5 सितंबर को 29वीं पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। एक वर्ष के कठिन एवं चुनौतीपूर्ण सैन्य प्रशिक्षण के बाद इस बार कुल 254 कैडेट्स विधिवत रूप से सैन्य अधिकारी के रूप में देश की सेवा के लिए तैयार होंगे। इनमें 219 पुरुष और 35 महिला कैडेट्स शामिल हैं। पासिंग आउट के बाद ये अधिकारी देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।

वियतनाम पीपुल्स आर्मी के लेफ्टिनेंट जनरल होंगे मुख्य अतिथि

29वीं पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि वियतनाम पीपुल्स आर्मी के लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुआंग होंगे। उनके नेतृत्व और सैन्य अनुभव की मौजूदगी में आयोजित होने वाली यह परेड ओटीए के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगी। परेड के दौरान कठिन प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैडेट्स सैन्य अनुशासन, दक्षता और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

कमांडेंट अवार्ड सेरेमनी में उत्कृष्ट कैडेट्स सम्मानित

पासिंग आउट परेड से पहले मंगलवार को गया ओटीए के विजय ऑडिटोरियम में कमांडेंट अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

ओटीए कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह ने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की कठिन सैन्य चुनौतियों के लिए तैयार रहने और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

शारीरिक दक्षता से लेकर युद्ध कौशल तक में उत्कृष्ट प्रदर्शन

कमांडेंट अवार्ड सेरेमनी में शारीरिक दक्षता के क्षेत्र में सिख रेजीमेंट के कैडेट अक्षय वी. कोल्हे को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में गढ़वाल राइफल्स के नवनीत सिंह और फिजिकल ट्रेनिंग में राजपूत रेजीमेंट के स्वरूप महादेव को पुरस्कार मिला।

महिला कैडेट्स में कोर ऑफ इंजीनियर्स की आरुषि पांडे को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। ड्रिल में ब्रिगेड ऑफ गार्ड्स के नवनीत सिंह, घुड़सवारी में स्पर्श क्षेत्री तथा हथियार प्रशिक्षण एवं सामरिक क्षमता के क्षेत्र में पी. शशि कुमार को पुरस्कार प्रदान किया गया।

4 सितंबर को होगा मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले

पासिंग आउट परेड से एक दिन पहले यानि 4 सितंबर को मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले का आयोजन किया जाएगा। इसमें जेंटलमैन कैडेट्स प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अपने युद्ध कौशल, शारीरिक क्षमता, साहस और विभिन्न सैन्य गतिविधियों में दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स के हैरतअंगेज एवं रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलेंगे।

सैन्य जिम्मेदारियों के लिए तैयार हैं कैडेट्स

ओटीए कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह ने कहा कि इस बार 5 सितंबर को 29वीं पासिंग आउट परेड आयोजित की जा रही है, जिसमें 254 कैडेट्स कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सैन्य अधिकारी बनेंगे। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने प्रशिक्षण के दौरान कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए खुद को देश की सेवा के लिए तैयार किया है। उन्होंने सभी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाते हुए आगे भी अनुशासन, साहस और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page