जहानाबाद में जीविका स्टिचिंग सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण, 700 से अधिक महिलाओं के रोजगार मॉडल की सराहना
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 03 जुलाई 2026,
जहानाबाद: जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने शुक्रवार को जीविका के जिला स्तरीय स्टिचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान जीविका दीदियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिलाई कार्य, उत्पादन प्रक्रिया और महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
आईसीडीएस पोशाक आपूर्ति का लक्ष्य हुआ शत-प्रतिशत पूरा
निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) विनय कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 90,350 सेट आईसीडीएस (ICDS) पोशाकों की आपूर्ति का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले चरण में शिक्षा विभाग के विद्यालयों के लिए ड्रेस की सिलाई एवं आपूर्ति का कार्य भी जिले के स्टिचिंग सेंटरों के माध्यम से कराया जाएगा।
20 स्टिचिंग सेंटरों से 700 से अधिक महिलाओं को मिला रोजगार
डीपीएम ने बताया कि जिले में वर्तमान में 19 संकुल स्तरीय स्टिचिंग सेंटर तथा 1 जिला स्तरीय स्टिचिंग सेंटर, यानी कुल 20 स्टिचिंग सेंटर संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 700 से अधिक जीविका दीदियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण को भी मजबूती मिल रही है।
कटिंग सेंटर की कार्यप्रणाली भी देखी
जिलाधिकारी ने स्टिचिंग सेंटर के साथ संचालित वस्त्र कटिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां विभिन्न प्रकार की पोशाकों की कटिंग प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए उन्होंने उत्पादन व्यवस्था, कार्य गुणवत्ता और संचालन प्रणाली की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना
निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह प्रयास न केवल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सभी दीदियों को भविष्य में भी इसी गुणवत्ता, समर्पण और मेहनत के साथ कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
