बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर गया प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे में क्षतिग्रस्त सड़कें दुरुस्त करने का निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जुलाई 2026,
गयाजी: जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने ग्रामीण कार्य विभाग और पथ निर्माण विभाग के सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख एवं ग्रामीण सड़कों की लगातार निगरानी करें तथा कहीं भी सड़क क्षतिग्रस्त होने या कटाव की स्थिति बनने पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करें।
नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्कता
डीएम ने कहा कि झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण फल्गु नदी सहित अन्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे स्थित सड़कों और पुलों के एप्रोच रोड पर कटाव का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने सभी अभियंताओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने और किसी भी क्षति की स्थिति में तुरंत मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रचकेल पुल की एप्रोच सड़क 24 घंटे में होगी दुरुस्त
जिला पदाधिकारी ने बताया कि डुमरिया–इमामगंज मुख्य सड़क पर रचकेल पुल के समीप वर्षा के कारण एप्रोच सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और सड़क पर गड्ढा बन गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग, शेरघाटी के कार्यपालक अभियंता को 24 घंटे के भीतर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य पूरा कर सुरक्षित आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया गया है।
पोखरी–उमन मार्ग पर कटाव की भी होगी तत्काल मरम्मत
इसी प्रकार पोखरी से उमन जाने वाली मुख्य सड़क पर भी दो स्थानों पर कटाव होने की सूचना मिली है। जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग, इमामगंज को निर्देश दिया है कि दोनों स्थानों पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर 24 घंटे के भीतर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
प्रतिदिन भेजनी होगी रिपोर्ट, नागरिकों से भी अपील
डीएम ने कहा कि वर्षा ऋतु में सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करें, आवश्यक मशीनरी और मानवबल उपलब्ध रखें तथा प्रतिदिन स्थिति रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त या जलभराव वाले मार्गों पर सावधानी से आवागमन करें और किसी भी सड़क क्षति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
