गयाजी में MSME उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय कार्यशाला, सरकारी खरीद से लेकर डिजिटल मार्केटिंग तक दी जानकारी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 अगस्त 2026
गयाजी: अतरी प्रखंड के जवाहर उच्च विद्यालय, टेटुआ में बुधवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय, पटना की ओर से ‘प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग सपोर्ट (PMS)’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी शामिल हुए।
सरकारी खरीद और GeM पोर्टल की दी जानकारी
कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय MSME उद्यमियों और भावी उद्यमियों को सरकारी खरीद, GeM पोर्टल, बैंक वित्त, ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) और निर्यात से जुड़े अवसरों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में अतरी BDO धनंजय कुमार भारती, पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि, KVIC, DIC गयाजी, National SC/ST Hub, बोधगया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और बाजार से जुड़ने के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने पर जोर
कार्यशाला में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, GeM के माध्यम से सरकारी बाजार तक पहुंच बनाने तथा उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग बेहतर करने के उपाय बताए।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के संदेश में MSME क्षेत्र को मजबूत करने, सरकारी खरीद में स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने तथा डिजिटल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया गया।
उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल
कार्यशाला के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, युवाओं एवं स्थानीय लोगों में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और MSME इकाइयों को सरकारी खरीद तथा डिजिटल बाजार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
