5 करोड़ रंगदारी कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, इमामगंज के ज्वेलर्स से भी 20 लाख रंगदारी मांगी थी

0
IMG-20260424-WA0015.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 अप्रैल 2026,

गयाजी; जिला पुलिस ने रंगदारी के एक संगीन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को कुंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने रामपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में रामपुर थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (नगर-02) धर्मेन्द्र भारती के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में रामपुर, इमामगंज थाना पुलिस और तकनीकी शाखा के अधिकारियों को शामिल किया गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी मोबाइल नंबर से इमामगंज में एक ज्वेलर्स से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में इमामगंज थाना में कांड संख्या-114/26 दर्ज किया गया।

तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने शेरघाटी थाना क्षेत्र के अनतबिगहा सिताबकला निवासी सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड उसने विकास कुमार को दिया था।
इसके बाद पुलिस ने गुलजार बिगहा में छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया और उसके पास से सिम कार्ड बरामद किया। विकास कुमार की निशानदेही पर इमामगंज बाजार स्थित एक किराए के मकान से संजीत कुमार को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस तीनों गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page