राजस्व कार्यों में लापरवाही पर डीएम की बड़ी कार्रवाई, नगर अंचल के राजस्व अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

0
1784567224981.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 जुलाई 2026,

गयाजी: सोमवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने राजस्व कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में नगर अंचल, गयाजी के राजस्व अधिकारी राम कुमार रमन के विरुद्ध बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। डीएम ने उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को विभागीय कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

सैकड़ों आवेदन लंबे समय तक रहे लंबित

जिला प्रशासन की समीक्षा में पाया गया कि राजस्व अधिकारी ने बड़ी संख्या में दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा। इसके अलावा आम-खास सूचना से जुड़े 213 आवेदन तथा 120 दिनों से अधिक समय से लंबित 388 मामलों का समय पर निपटारा नहीं किया गया, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

त्रुटिपूर्ण आदेश और जांच में मिली खामियां

जांच के दौरान कई दाखिल-खारिज मामलों में त्रुटिपूर्ण आदेश पारित किए जाने की भी पुष्टि हुई। वहीं, सदर अनुमंडल पदाधिकारी की जांच में यह सामने आया कि कई भूमि संबंधी मामलों को बिना उचित कारण लंबित रखा गया तथा तथ्यों के अनुरूप जांच नहीं की गई। जांच प्रतिवेदन में गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।

ऑनलाइन डिमांड में हेराफेरी का मामला भी आया सामने

जांच में ऑनलाइन राजस्व डिमांड में हेराफेरी का मामला भी सामने आया। यह पाया गया कि कुछ मामलों में जमाबंदी रद्द होने के बावजूद डिमांड को कायम रखा गया, जो राजस्व अभिलेखों के संधारण में गंभीर अनियमितता मानी गई।

डीएम बोले- लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि विस्तृत जांच और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर संबंधित अधिकारी की गंभीर लापरवाही प्रमाणित होने के बाद विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और आम जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध राजस्व प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page