व्यवहार न्यायालय गया में संविधान दिवस पर न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 नवम्बर 2026,
गयाजी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्धारित कार्यक्रम के तहत व्यवहार न्यायालय, गयाजी में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह ने न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसके माध्यम से समाज में संविधान के मूल उद्देश्यों और तत्वों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला जज ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों की गुलामी और पूर्वजों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग के बाद देश को यह महान संविधान प्राप्त हुआ है। संविधान की उद्देशिका के प्रत्येक शब्द को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि यही हमें आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है।
वैचारिक स्वतंत्रता को सुरक्षित रखने की अपील
डॉ. राकेश कुमार सिंह ने संविधान में प्रदत्त पांच स्वतंत्रताओं में से विचारों की स्वतंत्रता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विचारों की स्वतंत्रता ही मानव समाज को निरंतर सोचने और आगे बढ़ने की शक्ति देती है।
उन्होंने सोशल मीडिया और रील्स के माध्यम से जाति, धर्म एवं संप्रदाय के आधार पर लोगों के विचारों को प्रभावित किए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी वैचारिक स्वतंत्रता को सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारी, कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी के कर्मचारी उपस्थित रहे।
