गयाजी सर्किट हाउस में AC ब्लास्ट से कमरे में लगी भीषण आग, विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर बाल-बाल बचे
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 अक्टूबर 2026,
गयाजी। शहर स्थित सर्किट हाउस में बुधवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कमरा नंबर-3 में अचानक एसी ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। विस्फोट के बाद पूरे कमरे में आग और धुएं का गुबार फैल गया। घटना के बाद सर्किट हाउस परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया और इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दोपहर करीब दो बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोपहर करीब दो बजे सर्किट हाउस के कमरा नंबर-3 में अचानक एसी में विस्फोट हुआ, जिसके बाद कमरे में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख वहां मौजूद कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर ने अपनी इच्छा से बदला था कमरा
इस घटना में एक संयोग यह भी रहा कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ सर्किट हाउस के ठीक बगल वाले कमरा नंबर-2 में ठहरे हुए थे। वे गयाजी में पूजा-पाठ करने के लिए आए थे। प्रशासन की ओर से उन्हें पहले कमरा नंबर-3 आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा से कमरा नंबर-2 चुना था। इसके बाद कमरा नंबर-3 में यह हादसा हो गया। मनोज कुमार ने इस संयोग पर कहा कि यह ऊपर वाले की कृपा है कि वे और उनके साथ मौजूद परिवार सुरक्षित हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लिया जायजा
घटना के समय बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भी सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। हादसे की जानकारी मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने सभी के सुरक्षित रहने पर राहत जताई।
अग्निशमन विभाग ने की पुष्टि
जिला अग्निशमन विभाग के सहायक पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि एसी ब्लास्ट के कारण कमरा नंबर-3 में आग लगी थी। आग के कारण पूरे कमरे में धुआं भर गया था, लेकिन समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।
फिलहाल, इस घटना के बाद राहत की बात यह रही कि समय पर दमकल टीम के पहुंचने और आग पर काबू पाने से बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, इस हादसे ने सार्वजनिक भवनों में लगे एसी और अन्य विद्युत उपकरणों की सुरक्षा एवं नियमित जांच की आवश्यकता को भी रेखांकित किया है।
