सीयूएसबी में राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

0
IMG-20260830-WA0001.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 अगस्त 2026

गयाजी: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मिल्खा सिंह खेल परिसर में विभिन्न खेल एवं जागरूकता कार्यक्रमों के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व की जयंती मनाना केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने और संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में सभी तरह के भेदभाव समाप्त हो जाते हैं और केवल टीम भावना दिखाई देती है।

कुलपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ संदेश का उल्लेख करते हुए बच्चों से अपनी रुचि के अनुसार कम से कम एक खेल में नियमित रूप से भाग लेने की अपील की।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमिटी के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जोड़ने और प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रो. चेतना जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित दिशा दी जा सके।

पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह के अंतर्गत सीयूएसबी की गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमिटी ने टीम स्माइल के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए।

समारोह में कुलपति ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं कशिश, अन्विका और पिहू को सम्मानित किया गया।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आंचल भारती ने प्रथम, विशाखा एवं राहुल कुमार ने द्वितीय तथा पूर्णिमा प्रदर्शी रावत एवं रंजन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं क्विज प्रतियोगिता में प्रियंशु कुमारी प्रथम, रिया कुमारी द्वितीय और आदित्य राज तृतीय स्थान पर रहे।

चार विद्यालयों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता

सीयूएसबी के ध्येय ‘कैंपस फॉर कम्युनिटी’ के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें मध्य विद्यालय टेपा फतेहपुर, मध्य विद्यालय धर्मशाला, मध्य विद्यालय नेपा फतेहपुर और मध्य विद्यालय कोसमा की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय टेपा फतेहपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

शिक्षक एवं पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू प्रो. पवन कुमार मिश्रा, शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, मणिपाल यूनिवर्सिटी के सहायक प्राध्यापक डॉ. केतुल कुमार, प्रो. चेतना जायसवाल, प्रो. जय प्रकाश, डॉ. हेमंत सिंह, डॉ. आतिश दास, श्रीमती रेनू, श्री शशि रंजन और डॉ. प्रीति सहित अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page