सीयूएसबी में डीबीटी समर्थित एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में नामांकन शुरू, 12 जुलाई तक करें आवेदन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 जुलाई 2026,
गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डीबीटी (Department of Biotechnology) समर्थित एमएससी बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। विश्वविद्यालय ने GAT-B 2026 (Graduate Aptitude Test-Biotechnology) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन की अंतिम तिथि 12 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
मेरिट के आधार पर होगा प्रवेश
सीयूएसबी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन ने बताया कि एमएससी बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा रीजनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी (RCB) के माध्यम से आयोजित GAT-B 2026 परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
कुल 10 सीटों पर होगा नामांकन
विश्वविद्यालय के अनुसार इस पाठ्यक्रम में कुल 10 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें—
🔹अनारक्षित (UR) – 4 सीटें
🔹अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) – 3 सीटें
🔹अनुसूचित जाति (SC) – 1 सीट
🔹अनुसूचित जनजाति (ST) – 1 सीट
🔹आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) – 1 सीट
कौन कर सकता है आवेदन?
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि GAT-B 2026 उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बायोटेक्नोलॉजी अथवा जैव विज्ञान की शाखाओं जैसे माइक्रोबायोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, लाइफ साइंस, एनवायरमेंटल साइंस, बायोमेडिकल साइंस आदि में स्नातक किया हो, आवेदन के पात्र हैं।
इसके अलावा बीएससी (ऑनर्स) प्राणी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान या रसायन विज्ञान, तीन वर्षीय बीएससी में संबंधित विषयों का अध्ययन करने वाले अथवा चार वर्षीय एकीकृत बीएससी-बीएड कार्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
न्यूनतम अंक की अनिवार्यता
आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक, जबकि एससी, एसटी एवं दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।
12 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थियों को 12 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय के समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
जानकारी के लिए हेल्पलाइन जारी
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के ई-मेल dbtbtn@cusb.ac.in अथवा dvsingh@cusb.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 0631-2229512, 0631-2229518, 9472979367 एवं 7978911048 नंबरों पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
