बोधगया में आज से न्यू क्रिमिनल लॉ पर राज्यस्तरीय मंथन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जुलाई 2026,
गयाजी: देश में लागू नए आपराधिक कानूनों (New Criminal Laws) के प्रभावी क्रियान्वयन और उनसे जुड़े विभिन्न कानूनी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर मंथन के लिए बोधगया स्थित कन्वेंशन सेंटर में 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। बिहार ज्यूडिशियल एकेडमी और बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में न्यायपालिका और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। मुख्यमंत्री विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मंत्रीगण, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, आईजी विकास वैभव, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। उनका लगभग दो घंटे तक गयाजी में रहने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
250 से अधिक न्यायाधीश और वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश, बिहार के सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, राज्य के सभी पुलिस अधीक्षक तथा न्यायिक एवं पुलिस प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन में करीब 250 न्यायाधीशों के अलावा बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, न्यायिक प्रक्रियाओं और पुलिस अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
तैयारियों को अंतिम रूप, हाईकोर्ट के अधिकारी पहुंचे गयाजी
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी भी गयाजी पहुंच चुके हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, आवासन, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
1500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
हाई-प्रोफाइल सम्मेलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गयाजी शहर से लेकर बोधगया कन्वेंशन सेंटर तक करीब 1500 पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर संयुक्त आदेश भी जारी किया गया है।
अतिथियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था
सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था बिपार्ड परिसर तथा बोधगया के विभिन्न होटलों में की गई है। अधिकांश अतिथि शुक्रवार शाम तक गयाजी पहुंच चुके हैं।
एसएसपी बोले- सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
गयाजी के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि सम्मेलन को लेकर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
