नहर के पानी को लेकर दो गांवों के बीच विवाद, एसडीओ ने सात दिनों में मांगी तकनीकी रिपोर्ट
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जुलाई 2026,
गयाजी: अतरी प्रखंड के नरावट पंचायत अंतर्गत कतलपुरा और टेटुआ गांव के बीच नहर के पानी के उपयोग एवं सिंचाई को लेकर दोनों गांव के लोगों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था, इसी विवाद के स्थायी समाधान के लिए शनिवार को अनुमंडल कार्यालय, नीमचक बथानी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), केशव आनंद ने की।
किसानों ने जलभराव और फसल क्षति की समस्या उठाई
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, लघु सिंचाई विभाग के अभियंता, अतरी थानाध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं दोनों गांवों के ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान कतलपुरा गांव के किसानों ने शिकायत की कि नहर के जल प्रवाह में अवरोध उत्पन्न होने के कारण गांव में अत्यधिक जलभराव हो रहा है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए तकनीकी उपाय अपनाने की मांग की।
सात दिनों में तकनीकी रिपोर्ट देने का निर्देश
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को विवादित स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
यथास्थिति बनाए रखने के आदेश
एसडीएम ने प्रतिवेदन प्राप्त होने तक विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण अथवा नहर की संरचना में बदलाव पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अतरी थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से क्षेत्र में यथास्थिति बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि तकनीकी प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद सभी पक्षों के साथ पुनः बैठक कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने दोनों गांवों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, धैर्य रखने तथा किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की।
