सीयूएसबी और इंडोनेशिया की यूनिवर्सिटास पद्जादजारन मिलकर करेंगे अपशिष्ट प्रबंधन और ऊर्जा पर शोध

0
IMG-20261127-WA0001
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 नवम्बर 2026,


गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) और इंडोनेशिया की यूनिवर्सिटास पद्जादजारन के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को नई दिशा देने की पहल की गई है। इसी क्रम में सीयूएसबी के भौतिक एवं रासायनिक विज्ञान पीठ (एसपीसीएस) में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों संस्थानों ने अपशिष्ट प्रबंधन को ऊर्जा के सतत स्रोत के रूप में विकसित करने सहित कई विषयों पर संयुक्त अनुसंधान शुरू करने पर सहमति जताई।

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटास पद्जादजारन, इंडोनेशिया के भौतिकी विभाग के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए और अकादमिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार साझा किए। व्याख्यान के बाद दोनों संस्थानों के बीच पहले से स्थापित समझौता ज्ञापन (एमओयू) की समीक्षा और उसे आगे बढ़ाने के लिए कुलपति के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई।

बैठक में पीएचडी और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के शोध प्रबंधों के संयुक्त पर्यवेक्षण को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही बायोप्लास्टिक आधारित अनुसंधान पर मिलकर काम करने और उसके परिणामों का सीयूएसबी तथा इंडोनेशिया में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में परीक्षण करने का निर्णय लिया गया। दोनों पक्ष अपशिष्ट निपटान प्रबंधन और उससे ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर भी संयुक्त शोध करेंगे।

अनुसंधान को समाज के लिए उपयोगी बनाने पर जोर

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि अकादमिक अनुसंधान व्यावहारिक और समाजोपयोगी होना चाहिए, ताकि उसके परिणामों का व्यापक स्तर पर लाभ मिल सके। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान वातावरण विकसित करने के लिए इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने भौतिकी विभाग के प्रो. विजय राज सिंह को विदेशी प्राध्यापकों के साथ चल रहे संयुक्त अनुसंधान प्रस्ताव के क्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर एमओयू स्थापित करने की पहल करने का निर्देश भी दिया। कुलपति ने विदेशी प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए उन्हें मार्च 2027 में सीयूएसबी के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

नैनो सिस्टम इंजीनियरिंग और बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक पर व्याख्यान

व्याख्यान श्रृंखला में प्रो. आई माडे जोनी ने ‘नैनो सिस्टम इंजीनियरिंग फॉर वेरियस एप्लीकेशंस’ विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं, प्रो. कैमेलिया पनातारानी ने ‘बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक’ पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का संयोजन भौतिकी विभाग के प्रो. विजय राज सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह तथा रसायन विज्ञान विभाग के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अतुल प्रताप सिंह ने किया। अंत में प्रो. अमिय प्रियम ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि ऐसे अकादमिक आयोजन बेहतर और मजबूत अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में सहायक होते हैं।

इस अवसर पर प्रो. जगन्नाथ रॉय, डॉ. महेंद्र खरावत, डॉ. पुनीत मिश्रा, डॉ. मौनी रॉय, डॉ. सप्तर्षि घोष, डॉ. विकल कुमार सिंह और डॉ. देवव्रत सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विभागों के 60 से अधिक विद्यार्थियों, जिनमें पीएचडी शोधार्थी और एमएससी के छात्र शामिल थे, ने भाग लिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page