गया में बाल विवाह की दर में 7.8 प्रतिशत की गिरावट, एक साल में 84 बाल विवाह रोके गए

0
IMG-20261127-WA0002
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 नवम्बर 2026,


गयाजी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में कवच परियोजना एवं महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC), गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा ने की। इस दौरान जिले में बाल विवाह रोकने और बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि सामूहिक प्रयासों से गयाजी जिले में बाल विवाह की दर में उल्लेखनीय कमी आई है। NFHS-5 (2019-21) के अनुसार जिले में बाल विवाह की दर 40.10 प्रतिशत थी, जो NFHS (2023-24) में घटकर 32.3 प्रतिशत रह गई है। इस तरह इसमें 7.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि राज्य का औसत 34.6 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2025 से अब तक पंचायत बाल संरक्षण समितियों और आंगनवाड़ी सेविकाओं के सहयोग से जिले में 84 बाल विवाह रोके गए हैं। वहीं, 100 दिवसीय अभियान के तहत चिह्नित 11,197 अनामांकित एवं विद्यालय से बाहर की बालिकाओं में से 8,771 का दोबारा स्कूलों में नामांकन कराया गया है। इसके अलावा 15,680 जोखिमग्रस्त बच्चों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया है।

23 पंचायतों ने लिया बाल विवाह मुक्त बनने का संकल्प

कार्यशाला के दौरान जिले की 23 पंचायतों के मुखियाओं ने ग्राम सभा के माध्यम से अपनी पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने मुखियाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।

जागरूकता के लिए दो रथ रवाना

कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक (बाल संरक्षण) अभय कुमार, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) आकाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के CDO डॉ. पंकज कुमार और डॉ. रश्मि वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दो जागरूकता रथों को रवाना किया। ये रथ ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।

कार्यशाला में विभिन्न प्रखंडों के CDPO, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिकाएं, पंचायतों के मुखिया और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें प्रयास संस्था से देवेंद्र कुमार मिश्र तथा प्रथम संस्था से राम शंकर कुमार और आर्यन मोहन सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में CDO डॉ. पंकज कुमार ने सभी विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page