टेउसा बाजार में भूमि विवाद को लेकर मारपीट, महिला गंभीर रूप से घायल; तीन गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | अतरी / गयाजी | 26 नवम्बर 2026,
अतरी (गयाजी)। अतरी प्रखंड के टेउसा बाजार में भूमि विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि मंजू देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गयाजी रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन को लेकर पूर्व में अतरी के अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी की पहल पर जनता दरबार में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से जमीन की मापी भी कराई गई थी।
बताया जाता है कि बुधवार को मंजू देवी विवादित जमीन पर काम कराने पहुंची थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में कई लोग घायल हुए। मंजू देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल, गया भेजा गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अतरी थाना में लिखित आवेदन दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप चौधरी उर्फ महेंद्र चौधरी, मोहन चौधरी और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया। तीनों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
