विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग: गया से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 6 प्रतिभागियों का चयन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 नवम्बर 2026,
गयाजी। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD-2027) के तहत 18 नवंबर 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, केंदुई, गयाजी में जिला स्तरीय चैलेंज ट्रैक PPT प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर छह प्रतिभागियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये प्रतिभागी राज्य स्तर पर गया जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
186 अभ्यर्थियों ने लिया था ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय नियोजन सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र, बोधगया की नियोजन पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी सुश्री स्वाती सिन्हा ने किया।
इससे पहले आयोजित ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता में गयाजी जिले के 186 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। मूल्यांकन के बाद विभागीय निर्देशानुसार 47 अभ्यर्थियों को जिला स्तरीय PPT राउंड के लिए चयनित किया गया था। इनमें से 11 प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर ‘Demographic Dividend & Human Capital Development’ (जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास) विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया।
पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता का उद्घाटन नोडल पदाधिकारी स्वाती सिन्हा, निर्णायक मंडल के अध्यक्ष एवं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिरण कुमार सिंह तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
निर्णायक मंडल में मो. हादीश (कारखाना निरीक्षक, गयाजी), डॉ. जैफेल हसन (सहायक प्राध्यापक, मिर्जा गालिब कॉलेज), विकास कुमार (उपप्राचार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान), सुरभि बाला (जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी) और MY Bharat के प्रतिनिधि मनीष कुमार शामिल रहे।
पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया। इसके बाद शीर्ष छह प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निर्णायक मंडल के अध्यक्ष डॉ. हिरण कुमार सिंह ने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। जनसांख्यिकीय लाभांश का सही उपयोग तभी संभव है, जब युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण मिले। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नोडल पदाधिकारी सुश्री स्वाती सिन्हा ने अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, महाविद्यालय प्रशासन और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पहचानने का अवसर देते हैं।
