कैंसर मरीजों की ऑनलाइन सहायता पर सीयूएसबी के दो शोधकर्ताओं का शोध अंतरराष्ट्रीय पत्रिका में प्रकाशित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 नवम्बर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिंद्य देब और वरिष्ठ शोध अध्येता अलीशा पाठक का शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ कम्युनिकेशन इन हेल्थकेयर में प्रकाशित हुआ है। स्कोपस में सूचीबद्ध इस पत्रिका का इम्पैक्ट फैक्टर 2.00 बताया गया है। शोध में कैंसर मरीजों और उनकी देखभाल करने वाले लोगों को डिजिटल समुदायों के माध्यम से मिलने वाली सहायता का अध्ययन किया गया है।
ऑनलाइन सहायता समूहों में विश्वास की प्रक्रिया का अध्ययन
शोध में बताया गया है कि फेसबुक आधारित ऑनलाइन कैंसर सहायता समूह मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं, अकेलेपन और संवाद संबंधी बाधाओं से निपटने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराते हैं। अध्ययन का मुख्य उद्देश्य दक्षिण एशियाई परिप्रेक्ष्य में ऐसे ऑनलाइन समुदायों के सदस्यों के बीच विश्वास विकसित होने की प्रक्रिया को समझना था।
अध्ययन में ऑनलाइन कैंसर सहायता समूहों में विश्वास विकसित होने के पांच चरणों वाला एक प्रतिमान प्रस्तुत किया गया है। इसमें अवलोकन, परिचय, सहायता की तलाश, संवाद और प्रत्यक्ष मुलाकात शामिल हैं। शोध के अनुसार विश्वास एकाएक विकसित नहीं होता, बल्कि निरंतर संपर्क, साझा अनुभवों, भावनात्मक जुड़ाव और सहयोगात्मक संवाद के माध्यम से धीरे-धीरे मजबूत होता है।
डिजिटल मंच भावनात्मक सहयोग का भी बन रहे माध्यम
शोध में यह भी सामने आया है कि ऑनलाइन कैंसर सहायता समूह केवल चिकित्सकीय जानकारी साझा करने तक सीमित नहीं हैं। ये मरीजों और उनके परिजनों के लिए भावनात्मक सहयोग तथा अपनत्व का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनते हैं। इन मंचों पर लोग सामाजिक वर्जनाओं के भय के बिना अपने अनुभव साझा कर सकते हैं और एक-दूसरे को मानसिक संबल दे सकते हैं।
अध्ययन डिजिटल स्वास्थ्य संचार को सांस्कृतिक संदर्भों से जोड़ते हुए ऑनलाइन विश्वास को समझने का नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। यह विश्वास निर्माण की पश्चिम-केंद्रित अवधारणाओं को दक्षिण एशियाई सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों के आधार पर देखने की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।
कुलपति ने शोध को बताया महत्वपूर्ण योगदान
इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, मीडिया विभाग के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अतिश पराशर सहित विभाग के अन्य शिक्षकों ने डॉ. अनिंद्य देब और शोधार्थी अलीशा पाठक को बधाई दी।
कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि यह प्रकाशन स्वास्थ्य संचार के उभरते क्षेत्र में विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण शोध योगदान है। यह गंभीर बीमारियों से जुड़ी संवाद संबंधी बाधाओं को दूर करने में सांस्कृतिक संवेदनशीलता पर आधारित डिजिटल परिवेश की उपयोगिता को भी रेखांकित करता है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने शोध के निष्कर्षों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अध्ययन डिजिटल माध्यमों के जरिए कैंसर मरीजों और उनके परिजनों को भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की संभावनाओं को सामने लाता है।
